IIT खड़गपुर के 75 साल: PM मोदी ने दिया 'Break the Limits' का मंत्र, युवाओं से बोले- चुनौतियों को चुनौती दें
खड़गपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में युवाओं को अपनी सोच का दायरा बढ़ाने और असंभव मानी जाने वाली चुनौतियों का सामना करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग अपनी क्षमताओं, सपनों और संभावनाओं की सीमाएं खुद तय कर लेते हैं। देश को आगे बढ़ाने के लिए इस सोच से बाहर निकलना जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में 'Break the Limits, Unlock the Possibilities' का मंत्र देते हुए कहा कि राष्ट्र भी अपनी वास्तविक क्षमता तभी पहचानते हैं, जब वे सोच की सीमाओं को तोड़ने का साहस करते हैं।
'Limiting Beliefs' से बाहर निकलने की जरूरत
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग पहले ही तय कर लेते हैं कि क्या संभव है और क्या नहीं। यही सीमित सोच यानी 'Limiting Beliefs' उनके सपनों और प्रतिभा के विकास में बाधा बनती है।
यह भी पढ़ें
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी क्षमता को सीमित न करें और हर चुनौती को एक नए अवसर की तरह देखें। प्रधानमंत्री ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि चुनौतियों को चुनौती देना उनके स्वभाव का हिस्सा है।
गरीबी और सेमीकंडक्टर मिशन के उदाहरण दिए
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने गरीबी उन्मूलन और सेमीकंडक्टर मिशन का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह बड़ी चुनौतियों को लेकर सोच बदलने से नए रास्ते खुल सकते हैं।
उन्होंने दावा किया कि विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे गरीबों के सशक्तीकरण और योजनाओं के प्रभाव से जोड़ा।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि जब भारत में इस मिशन की शुरुआत हुई, तब इसकी जरूरत और सफलता को लेकर सवाल उठाए गए थे। लेकिन देश ने इस दिशा में काम शुरू किया और अब कई सेमीकंडक्टर सुविधाएं विकसित हो रही हैं। उन्होंने छात्रों को चिप निर्माण से लेकर अन्य उभरते तकनीकी क्षेत्रों में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।
स्पेस सेक्टर में युवाओं की भागीदारी का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में आए बदलावों को भी युवाओं की क्षमता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि पहले इस क्षेत्र में निजी कंपनियों और युवा इनोवेटर्स के लिए अवसर सीमित थे, लेकिन अब निजी भागीदारी बढ़ी है।
उन्होंने IIT खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन कुमार चंदना का उदाहरण दिया, जो स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवा अंतरिक्ष तकनीक में नए प्रयोग कर रहे हैं और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।
स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत से जुड़ा है IIT का परिसर
IIT खड़गपुर के इतिहास का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि संस्थान का परिसर कभी हिजली डिटेंशन कैंप था, जहां ब्रिटिश शासन के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों को बंदी बनाकर रखा जाता था।
उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर कभी स्वतंत्रता और स्वशासन की आकांक्षा गूंजती थी, आज वहीं युवा अपने विचारों और नवाचारों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
मोदी ने संस्थान के 75 वर्षों के सफर को याद करते हुए कहा कि IIT खड़गपुर ने देश की इंजीनियरिंग, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और सॉफ्टवेयर क्षेत्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि आने वाले दो दशक उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और उत्पादक वर्षों में शामिल हो सकते हैं। वर्ष 2047 तक उनमें से कई युवा नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभाल रहे होंगे।
उन्होंने छात्रों को 'Nation First' के विचार के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। मोदी ने कहा कि युवाओं को खुद से यह सवाल करना चाहिए कि देश के सामने ऐसी कौन-सी चुनौती है, जिसके समाधान में वे अपना योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने IIT खड़गपुर के विद्यार्थियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि संस्थान की 100वीं वर्षगांठ विकसित भारत में मनाई जाए।
स्वामी विवेकानंद के संदेश के साथ संबोधन समाप्त
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण का समापन स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश से किया- 'उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।'
IIT खड़गपुर के 75वें स्थापना वर्ष का यह समारोह संस्थान की उपलब्धियों के साथ-साथ युवाओं को तकनीकी नवाचार, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य में भागीदारी के लिए प्रेरित करने का अवसर भी बना।

Deepak












