जोधपुर: उम्मेद अस्पताल के पीजी हॉस्टल में महिला रेजिडेंट डॉक्टर की मौत, पुलिस जांच में जुटी जोधपुर। शहर के उम्मेद अस्पताल परिसर स्थित पीजी हॉस्टल में गुरुवार शाम एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय डॉ. निक्की चौधरी के रूप में हुई है। वह डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के एनेस्थीसिया विभाग में प्रथम वर्ष की पीजी रेजिडेंट थीं और हॉस्टल के कमरा नंबर 312 में रहती थीं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम साथी डॉक्टरों ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई। डॉ. निक्की कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं। साथी डॉक्टर उन्हें तत्काल मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने शाम करीब 6 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा सहित अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी एमडीएम अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। झुंझुनूं की रहने वाली थीं डॉ. निक्की डॉ. निक्की चौधरी मूल रूप से झुंझुनूं की रहने वाली थीं और वर्ष 2025 बैच की एनेस्थीसिया विभाग की प्रथम वर्ष की रेजिडेंट थीं। वह उम्मेद अस्पताल के पीजी हॉस्टल में रह रही थीं। उनकी मौत की खबर से मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के चिकित्सकों में शोक का माहौल है। उनकी बहन भी जयपुर के एसएमएस अस्पताल के गायनी विभाग में रेजिडेंट डॉक्टर हैं। एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित के अनुसार, डॉ. निक्की की तबीयत बुधवार से खराब थी। उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत थी, जिसके चलते उन्होंने छुट्टी ली थी। गुरुवार को भी वह अपने कमरे में ही थीं। शाम को जब साथी डॉक्टरों को कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी दी। कमरे को सील कर पुलिस ने शुरू की जांच घटना के बाद पुलिस ने हॉस्टल के कमरे को सील कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। AIIMS जोधपुर में भी सितंबर में हुई थी रेजिडेंट डॉक्टर की मौत इससे पहले सितंबर 2026 में एम्स जोधपुर में एनेस्थीसिया विभाग के प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. राज नरेश यादव की भी संदिग्ध आत्महत्या से मौत हुई थी। इस घटना के बाद संस्थान में रेजिडेंट डॉक्टरों ने कामकाज की परिस्थितियों, ड्यूटी के घंटों और डॉक्टरों के कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। उम्मेद अस्पताल की घटना के बाद एक बार फिर रेजिडेंट डॉक्टरों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यस्थल पर मिलने वाली सुविधाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध या डॉ. निक्की की मौत के पीछे काम के दबाव की भूमिका की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच जारी है।