राजस्थान पंचायत चुनाव: चौथे चरण का मतदान कल, 25 जिलों में 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता डालेंगे वोट जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव अब अंतिम दौर में पहुंच गए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए शनिवार, 14 नवंबर को चौथे और अंतिम चरण का मतदान होगा। प्रदेश के 25 जिलों की 116 पंचायत समितियों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान दलों को उनके निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया जा चुका है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए ‘पहले मतदान, बाद में जलपान’ का संदेश दिया। 116 पंचायत समितियों के 2,142 वार्डों में चुनाव चौथे चरण में 25 जिलों के 382 जिला परिषद वार्डों और 116 पंचायत समितियों के 2,142 वार्डों के लिए मतदान होगा। जिला परिषद सदस्य पद के लिए 1,322 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति सदस्य बनने के लिए 7,521 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में कुल 1,05,94,285 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें 54,88,275 पुरुष, 51,05,951 महिला और 59 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। इन 25 जिलों में होगा मतदान चौथे चरण में बांसवाड़ा, बारां, बालोतरा, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, डीग, चित्तौड़गढ़, चूरू, डीडवाना-कुचामन, धौलपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालौर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और सलूंबर जिले शामिल हैं। इस चरण में जैसलमेर जिला परिषद के लिए भी मतदान कराया जाएगा। इसके साथ ही जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। 16 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच के लिए वोटिंग पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया अभी ग्राम पंचायत स्तर पर भी जारी रहेगी। चौथे चरण के तहत सोमवार, 16 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। इन पदों के लिए सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव में मतपेटियों के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना की जाएगी। इसके अगले दिन 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। 20 नवंबर को होगी मतगणना, 25 से चुने जाएंगे जिला प्रमुख और प्रधान जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चारों चरणों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से जिला मुख्यालयों पर होगी। इसके बाद ग्रामीण निकायों के प्रमुख पदों के चुनाव कराए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव होगा। चार जिलों में प्रमुख और प्रधान के चुनाव बाद में निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार बारां, श्रीगंगानगर, करौली और कोटा जिलों में जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के चुनाव बाद में कराए जाएंगे। इन जिलों में संबंधित पदों का कार्यकाल पूरा होने के कारण चुनाव की प्रक्रिया अलग रखी गई है। इनके लिए आयोग की ओर से अलग से तारीख घोषित की जाएगी। चौथे चरण के मतदान के साथ जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव का मतदान कार्यक्रम पूरा हो जाएगा। अब सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की नजर मतगणना और ग्रामीण निकायों के प्रमुख पदों पर होने वाले चुनावों पर रहेगी।