सर्दियों में बनाएं राजस्थानी मसाला मक्की की बाटी, आलू-मटर की स्टफिंग देगी लाजवाब स्वाद; जानें आसान रेसिपी सर्दियों में गरमागरम और स्वादिष्ट खाना खाने का मजा ही अलग होता है। इस मौसम में मक्के के आटे से बने व्यंजन खास पसंद किए जाते हैं। आमतौर पर लोग मक्के की रोटी और सरसों के साग का आनंद लेते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया और चटपटा बनाना चाहते हैं तो राजस्थानी मसाला मक्की की बाटी एक बेहतरीन विकल्प है। इस खास बाटी की खासियत है इसकी कुरकुरी बाहरी परत और अंदर भरी मसालेदार आलू-मटर की स्टफिंग। इसे दाल, लहसुन की चटनी या हरी चटनी के साथ परोसा जा सकता है। अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती। आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट मसाला मक्की की बाटी बनाने का तरीका। मसाला मक्की की बाटी बनाने के लिए सामग्री बाटी का आटा तैयार करने के लिए: 2 कप मक्के का आटा स्वादानुसार नमक 1 छोटा चम्मच साबुत धनिया (दरदरा कुटा हुआ) आधा छोटा चम्मच जीरा आधा छोटा चम्मच सौंफ 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी 1-2 बारीक कटी हरी मिर्च एक चुटकी हींग थोड़ा हरा धनिया 1 बड़ा चम्मच घी चुटकीभर पापड़ खार (वैकल्पिक) आलू-मटर की स्टफिंग के लिए: 1 उबला हुआ आलू एक चौथाई कप हरी मटर 1 बड़ा चम्मच तेल आधा छोटा चम्मच जीरा एक चुटकी हींग 1 बारीक कटी हरी मिर्च आधा छोटा चम्मच हल्दी 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार नमक थोड़ा हरा धनिया ऐसे तैयार करें मसाला मक्की की बाटी 1. सबसे पहले तैयार करें आटा: एक परात में मक्के का आटा लें। इसमें नमक, कुटा हुआ साबुत धनिया, जीरा, सौंफ, कसूरी मेथी, हरी मिर्च, हींग और कटा हुआ हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब घी डालें और थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी मिलाते हुए नरम आटा गूंथ लें। 2. बनाएं चटपटी आलू-मटर की स्टफिंग: एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा और हींग डालकर तड़का लगाएं। अब हरी मटर और बारीक मैश किया हुआ उबला आलू डालें। इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक मिलाएं। सभी चीजों को 2-3 मिनट तक भूनें। आखिर में हरा धनिया डालकर मिश्रण को ठंडा होने दें। 3. बाटियों में भरें मसाला: गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। हर लोई को हथेली से दबाकर कटोरी जैसा आकार दें। इसके बीच में तैयार आलू-मटर की स्टफिंग रखें और आटे के किनारों को मिलाकर अच्छी तरह बंद कर दें। अब इसे हल्के हाथों से गोल बाटी का आकार दें। 4. पहले करें स्टीम, फिर सेंकें: तैयार बाटियों को स्टीमर में करीब 10 मिनट तक पकाएं। इसके बाद तवे या मोटे तले वाले पैन को गर्म करके धीमी आंच पर बाटियों को रखें। इन्हें बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि सभी तरफ से अच्छी तरह सिक जाएं। करीब 15-20 मिनट में बाटियां सुनहरी और कुरकुरी हो जाएंगी। इस तरह परोसें गरमागरम बाटियां जब बाटियां अच्छी तरह पक जाएं तो इन्हें प्लेट में निकाल लें। ऊपर से थोड़ा घी लगाकर गर्मागर्म परोसें। इनके साथ पंचमेल दाल, हरी चटनी या राजस्थानी लहसुन की चटनी का स्वाद खूब जमेगा। सर्दियों में परिवार के साथ इस पारंपरिक स्वाद का आनंद जरूर लें।