मुंबई: संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'Love & War' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। रणबीर कपूर के फर्स्ट लुक के बाद अब फिल्म से आलिया भट्ट का पहला लुक सामने आ गया है। मेकर्स ने 25 सितंबर को आलिया का पोस्टर जारी किया, जिसमें वह रेट्रो और कैबरे-इंस्पायर्ड अंदाज में नजर आ रही हैं।
पोस्टर में आलिया एक कुर्सी पर बैठी दिखाई दे रही हैं। उन्होंने स्टाइलिश स्लिट स्कर्ट के साथ आकर्षक हेडपीस पहना हुआ है। लाल और सुनहरे रंगों से सजे बैकग्राउंड, स्टेज लाइट्स और रेट्रो सेटिंग पोस्टर को भंसाली की भव्य विजुअल शैली से जोड़ते हैं। उनका लुक ग्लैमर, कॉन्फिडेंस और पुराने दौर के स्टाइल का मिश्रण नजर आता है।
'गंगूबाई' के बाद आलिया का एक और अलग अंदाज
आलिया भट्ट और संजय लीला भंसाली इससे पहले 'गंगूबाई काठियावाड़ी' में साथ काम कर चुके हैं। अब 'Love & War' में आलिया का नया अवतार सामने आया है, जिसे उनके पिछले किरदारों से अलग बताया जा रहा है।
मेकर्स की ओर से जारी पोस्टर के कैप्शन में लिखा गया, “Aag bhi, dilon ki jaan bhi!” इसके साथ फिल्म की रिलीज डेट 21 जनवरी 2027 बताई गई है।
यह भी पढ़ें
रणबीर कपूर के बाद आलिया का लुक हुआ रिवील
आलिया का पोस्टर रणबीर कपूर के फर्स्ट लुक के एक दिन बाद सामने आया है। 24 सितंबर को रणबीर का पहला पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें वह विंटेज कार चलाते हुए नजर आए थे। उनके लुक में एक तरफ रेट्रो स्टाइल था, वहीं उनके हाथ पर चोट और खून का निशान फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाता है।
फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह पहली बार है जब तीनों कलाकार संजय लीला भंसाली के निर्देशन में एक साथ नजर आएंगे।
21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म
'Love & War' को एक रोमांटिक वॉर ड्रामा के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी अधिकांश जानकारी अभी मेकर्स ने सार्वजनिक नहीं की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में रणबीर और विक्की के किरदारों का जुड़ाव युद्ध की पृष्ठभूमि से है और आलिया का किरदार कहानी में अहम भूमिका निभाता है।
फिल्म अब 21 जनवरी 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसे हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।

Diya













