सलमान खान का नया गाना तेरी सेक्सी ब्यूटी रिलीज, 11 साल बाद गाया गाना

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ रिलीज हो गया है। चित्रांगदा सिंह के साथ नजर आए सलमान ने 11 साल बाद प्लेबैक सिंगिंग की।

Song Poster

Entertainment

सलमान खान की ‘मातृभूमि’ का गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ रिलीज, 11 साल बाद प्लेबैक सिंगिंग में वापसी

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का नया गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ रिलीज कर दिया है। इस गाने की खास बात यह है कि सलमान ने इसमें खुद अपनी आवाज दी है। इसके साथ ही उन्होंने करीब 11 साल बाद प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की है। गाने में सलमान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं।

यह गाना बुधवार, 4 नवंबर की सुबह रिलीज किया गया। सलमान ने इसे अपने म्यूजिक चैनल पर जारी किया। गाने में रोमांस, मस्ती और डांस का अंदाज देखने को मिल रहा है। वीडियो की शुरुआत सलमान के म्यूजिक स्टूडियो में गाना रिकॉर्ड करने के दृश्यों से होती है। इसके बाद कहानी एक एयरक्राफ्ट हैंगर के माहौल में पहुंचती है, जहां चित्रांगदा लाल साड़ी में गिटार बजाती नजर आती हैं।

सलमान और चित्रांगदा की दिखी पहली बार जोड़ी

‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की जोड़ी दिखाई गई है। गाने में दोनों के बीच हल्की-फुल्की रोमांटिक केमिस्ट्री दिखाई गई है। एयरक्राफ्ट हैंगर में एयर होस्टेस की पोशाक में डांसर्स, ट्रंपेट और सलमान के साथ डांस करते कलाकार गाने को पार्टी सॉन्ग का अंदाज देते हैं।

गाने के वीडियो में सलमान अपने साथी सैनिकों जैसे दिखने वाले लोगों के साथ मस्ती करते नजर आते हैं। इसके बाद वह चित्रांगदा के साथ डांस करते हैं। फिल्म में चित्रांगदा सलमान के किरदार की पत्नी की भूमिका निभा रही हैं। यह पहली बार है जब दोनों कलाकार किसी फिल्म में एक साथ नजर आएंगे।

‘मैं हूं हीरो तेरा’ के बाद 11 साल में गाया नया गाना

सलमान खान इससे पहले भी अपनी फिल्मों के लिए कई गाने गा चुके हैं। साल 2014 में आई फिल्म ‘किक’ का गाना ‘हैंगओवर’ उनकी आवाज में काफी लोकप्रिय हुआ था। इसके बाद 2015 में फिल्म ‘हीरो’ के लिए उन्होंने ‘मैं हूं हीरो तेरा’ गाया था।

‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ के साथ सलमान ने लगभग 11 साल बाद किसी फिल्म के लिए प्लेबैक सिंगिंग की है। हालांकि, इस दौरान उन्होंने स्वतंत्र गाने भी जारी किए थे। कोरोना महामारी के समय उनके ‘प्यार करो ना’, ‘तेरे बिना’ और ‘भाई भाई’ जैसे गाने सामने आए थे।

साजिद खान ने लिखे और तैयार किए गाने के बोल-संगीत

गाने के क्रेडिट के मुताबिक, ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ में सलमान खान और मुस्कान ने आवाज दी है, जबकि साजिद खान ने अतिरिक्त गायन किया है। गाने के बोल और संगीत साजिद खान ने तैयार किए हैं। इसकी कोरियोग्राफी सीजर गोंसाल्विस ने की है।

गाने को रिलीज करते हुए सलमान ने सोशल मीडिया पर सुबह 5:12 बजे फ्लाइट रवाना होने का जिक्र करते हुए मजेदार कैप्शन भी लिखा। उनका यह अंदाज भी प्रशंसकों के बीच चर्चा में रहा।

पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ थी फिल्म की पहचान

‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से बनाया जा रहा था। फिल्म का विषय साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित बताया गया है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं और इसका निर्माण सलमा खान ने सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया है।

फिल्म में सलमान खान एक आर्मी अधिकारी की भूमिका में हैं, जबकि चित्रांगदा सिंह उनकी पत्नी का किरदार निभा रही हैं। फिल्म का नाम बदलने के साथ इसके कुछ हिस्सों में दोबारा शूटिंग किए जाने की खबरें भी सामने आई थीं।

रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं

फिल्म के कई गाने पहले ही रिलीज किए जा चुके हैं। इनमें देशभक्ति से जुड़ा ‘जय हिंद’ भी शामिल है, जिसे 20 अक्टूबर को जारी किया गया था। ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ फिल्म का पांचवां गाना बताया जा रहा है।

हालांकि, फिल्म की सिनेमाघरों में रिलीज की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। पहले इसे अप्रैल 2026 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में रिलीज टाल दी गई। अब दर्शकों को फिल्म के नए रिलीज शेड्यूल का इंतजार है।

 


Diya
Author

Diya

Diya is a passionate and dedicated News Editor focused on delivering accurate, timely, and trustworthy news. She specializes in editing, fact-checking, and publishing stories across local, national, and international events.

Search

Download App

Get Our Mobile App

It is a long established fact that a reader will be distracted by the readable content.