जोधपुर में 1580 लीटर घी सीज, ट्रेवल्स ऑफिस पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई; जांच के लिए भेजा सैंपल जोधपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभाग की टीम ने कमला नेहरू नगर स्थित एमआर ट्रेवल्स के कार्यालय पर कार्रवाई करते हुए करीब 1580 लीटर घी सीज किया। मौके से घी का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान टीम को मौके पर ‘डेयरी मिल्क’ ब्रांड का घी मिला। अधिकारियों ने ट्रेवल्स संचालक से घी की खरीद और उसके स्रोत से जुड़े दस्तावेज मांगे। इनवॉइस के आधार पर फर्म के मालिक को बुलाया ट्रेवल्स संचालक ने अधिकारियों को जो इनवॉइस प्रस्तुत किया, उसके आधार पर घी एमएस रिद्धि-सिद्धि ट्रेडर्स का बताया गया। इसके बाद संबंधित फर्म के मालिक को भी मौके पर बुलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीनदयाल सैनी ने नियमानुसार घी का सैंपल लिया। घी की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर संदेह के आधार पर विभाग ने करीब 1580 लीटर घी सीज कर दिया। लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई विभाग की ओर से घी के नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीनदयाल सैनी, सुरेश माली, योगेश मीणा और अंकित घोसल्या मौजूद रहे। विभाग ने त्योहार के दौरान मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए इस तरह की जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।