जोधपुर के अस्पताल में दुर्लभ सर्जरी: युवक के पेट से निकाली करीब 4 फीट लंबी शॉवर पाइप
जोधपुर। मथुरादास माथुर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने बेहद चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन कर एक युवक की जान बचाई। युवक के शरीर के अंदर करीब साढ़े तीन से चार फीट लंबी बाथरूम शॉवर पाइप फंस गई थी। पाइप बड़ी आंत को नुकसान पहुंचाते हुए पेट के अंदर तक पहुंच गई थी। गंभीर चोट और अंदरूनी अंगों को संभावित नुकसान के खतरे को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल सर्जरी का फैसला लिया।
अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग के आचार्य एवं यूनिट प्रभारी डॉ. दिनेश दत्त शर्मा के अनुसार, आपसी विवाद के दौरान युवक के मलद्वार के रास्ते पाइप शरीर में प्रवेश कर गई थी। जांच में स्थिति की गंभीरता सामने आने के बाद ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के दौरान आंत में चीरा लगाकर पाइप को बेहद सावधानी से बाहर निकाला गया।
बड़ी रक्तवाहिनियों और अहम अंगों को था खतरा
डॉक्टरों के मुताबिक, पाइप के अंदर तक पहुंचने से बड़ी आंत क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके अलावा पेट के भीतर मौजूद मूत्रवाहिनी, महाधमनी, अन्य प्रमुख रक्तवाहिनियों और छोटी आंत को भी चोट पहुंचने का गंभीर जोखिम था। ऐसी स्थिति में अत्यधिक रक्तस्राव और संक्रमण जैसी जानलेवा जटिलताएं पैदा हो सकती थीं।
यह भी पढ़ें
ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने संवेदनशील अंगों और रक्तवाहिनियों को सुरक्षित रखते हुए आंत की चोट का उपचार किया और पाइप को सफलतापूर्वक बाहर निकाला।
सर्जरी में इन डॉक्टरों और कर्मचारियों की रही भूमिका
इस जटिल ऑपरेशन में डॉ. पारंग आसेरी, डॉ. प्रगेश, डॉ. सुची तांबी और डॉ. उमेश कुमार ने सर्जिकल टीम के रूप में योगदान दिया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. गीता सिंगारिया, डॉ. राजवीर फरौदा, डॉ. धीरज चांडक और डॉ. आभाष छाबड़ा शामिल रहे।
नर्सिंग एवं सहयोगी स्टाफ की ओर से नर्सिंग ऑफिसर रेखा पंवार, सुमेर सिंह राजपुरोहित, अब्दुल वाहिद और रेणुका जोशी ने ऑपरेशन के दौरान सहयोग किया।
डॉक्टरों की सलाह: ऐसी स्थिति में खुद से वस्तु न निकालें
डॉ. दिनेश दत्त शर्मा ने लोगों से अपील की कि शरीर के किसी भी प्राकृतिक मार्ग में बाहरी वस्तु फंसने पर घबराहट, शर्म या संकोच के कारण अस्पताल पहुंचने में देरी न करें। ऐसी स्थिति में वस्तु को खुद खींचकर निकालने की कोशिश खतरनाक हो सकती है। तुरंत अस्पताल पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सक से उपचार करवाना चाहिए।
डॉक्टरों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार हो रहा है और उसकी स्थिति फिलहाल अच्छी बताई गई है।
मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत हुआ निःशुल्क इलाज
अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि मामला चिकित्सकीय रूप से काफी जटिल था। विशेषज्ञ डॉक्टरों और सहयोगी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से मरीज को जरूरी उपचार दिया गया। उन्होंने जानकारी दी कि पूरी सर्जरी मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना के तहत निःशुल्क की गई।
डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. बी.एस. जोधा ने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी टीम को बधाई दी।

Deepak














