शिकारपुरा में मरू निनाद घोष शिविर शुरू, 5 हजार स्वयंसेवक जुटे

जोधपुर के शिकारपुरा स्थित राजाराम आश्रम में मरू निनाद प्रांत घोष शिविर शुरू हुआ। 5 हजार से अधिक स्वयंसेवक शामिल, 14 नवंबर को शहर में घोष संचलन और 15 नवंबर को समापन होगा।

मरू निनाद शिविर का प्रवेश द्वार

Jodhpur

शिकारपुरा में ‘मरू निनाद’ प्रांत घोष शिविर शुरू, 5 हजार से अधिक घोष वादक स्वयंसेवक जुटे

जोधपुर। शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का चार दिवसीय प्रांत स्तरीय घोष शिविर ‘मरू निनाद’ गुरुवार को शुरू हो गया। शिविर में 5,000 से अधिक घोष वादक स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। घोष वादकों की संख्या और आवासीय व्यवस्थाओं के लिहाज से इसे संघ के अब तक के सबसे बड़े शिविरों में शामिल बताया जा रहा है।

शिविर के शुभारंभ अवसर पर संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा, प्रांत प्रचारक विजयानंद, सह प्रांत प्रचारक राजेश सहित संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान पारंपरिक और लोक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसका उद्घाटन शुक्रवार को क्षेत्र प्रचारक निंबाराम द्वारा किया जाएगा।

घोष वाद्य केवल संगीत नहीं, संस्कृति और पराक्रम के प्रतीक

प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने बताया कि शिविर के उद्घाटन अवसर पर प्रांत प्रचारक विजयानंद ने घोष वाद्य यंत्रों के सांस्कृतिक और संगठनात्मक महत्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि शंख, ढोल, रणभेरी और वंशी जैसे वाद्य केवल संगीत प्रस्तुत करने के साधन नहीं हैं, बल्कि वीरता, पराक्रम और राष्ट्र निर्माण की भावना के प्रतीक भी हैं।

उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से स्वयंसेवकों में ऊर्जा, उत्साह और विजय का भाव जागृत करना है। समाज और देश को एक सूत्र में जोड़कर सामूहिक रूप से आगे बढ़ना आवश्यक है। लोक वाद्य हमारी सांस्कृतिक पहचान और अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना और इस परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना युवाओं की जिम्मेदारी है।

दुल्हन की तरह सजाया गया राजाराम आश्रम

‘मरू निनाद’ शिविर को लेकर शिकारपुरा स्थित राजाराम आश्रम में पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। आयोजन स्थल पर स्वागत द्वार, बौद्धिक कक्ष और प्रदर्शनी स्थल सहित विभिन्न परिसर आकर्षक ढंग से सजाए गए हैं। शिविर के पहले दिन आश्रम का पूरा परिसर विशेष सजावट के कारण उत्सव जैसा नजर आया।

चार दिनों तक ठहरने वाले 5,000 से अधिक शिविरार्थियों के लिए चार बड़े आवासीय परिसर तैयार किए गए हैं। इन्हें किशन भैया नगर, गोपीचंद अरोड़ा नगर, सुबु श्रीनिवासन नगर और ललितेश नगर नाम दिया गया है। प्रत्येक परिसर में 1,250 से अधिक स्वयंसेवकों के रहने की व्यवस्था की गई है।

आधुनिक मशीनों से तैयार हो रहा हजारों स्वयंसेवकों का भोजन

इतनी बड़ी संख्या में शिविरार्थियों के भोजन की व्यवस्था के लिए आश्रम परिसर में विशाल भोजनशाला बनाई गई है। यहां एक साथ सैकड़ों लोग बैठकर भोजन कर सकते हैं। भोजन तैयार करने के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। आटा गूंथने से लेकर रोटियां सेंकने तक के काम मशीनों की सहायता से किए जा रहे हैं।

इसके अलावा हलवाइयों और रसोई कर्मचारियों की बड़ी टीम लगातार व्यवस्थाओं में जुटी है। शिविरार्थियों के लिए सुबह की चाय-नाश्ते से लेकर दोपहर और रात के भोजन तक की व्यवस्था की गई है। आयोजन के दौरान भोजन और आवास सहित सभी जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

14 नवंबर को शहर में निकलेगा घोष संचलन

शिविर के कार्यक्रम के तहत 14 नवंबर को जोधपुर शहर में तीन अलग-अलग मार्गों से घोष संचलन निकाला जाएगा। यह संचलन शाम 4 बजे शुरू होगा और निर्धारित मार्गों से होते हुए करीब 50 मिनट में अपने गंतव्य तक पहुंचेगा। चार दिवसीय शिविर का समापन 15 नवंबर को शिकारपुरा स्थित राजाराम आश्रम में होगा। समापन समारोह में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के शामिल होने का कार्यक्रम है।

 


Diya
Author

Diya

Diya is a passionate and dedicated News Editor focused on delivering accurate, timely, and trustworthy news. She specializes in editing, fact-checking, and publishing stories across local, national, and international events.

Search

Download App

Get Our Mobile App

It is a long established fact that a reader will be distracted by the readable content.