‘भरोसा ही मेरा घमंड था, जब वो टूट गया…’, श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज, विठाबाई की जिंदगी के संघर्षों की दिखी झलक मनोरंजन: श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ईठा’ (EETHA) का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में श्रद्धा महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर 30 अक्टूबर को जारी किया गया। इसमें कलाकार की शानदार मंचीय प्रस्तुतियों के साथ उनकी निजी जिंदगी के संघर्ष, टूटे भरोसे और दर्द की कहानी भी दिखाई गई है। ‘भरोसा ही मेरा घमंड था…’ डायलॉग ने खींचा ध्यान ट्रेलर में श्रद्धा कपूर का किरदार कहता है, ‘मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था रे, जब वो टूट गया ना, सब टूट गया।’ इस संवाद के जरिए विठाबाई के जीवन में आए भावनात्मक उतार-चढ़ाव और रिश्तों में मिले धोखे की झलक मिलती है। ट्रेलर में एक तरफ विठाबाई को मंच पर लावणी करती और दर्शकों की तालियां बटोरती दिखाया गया है, तो दूसरी तरफ उनकी जिंदगी की मुश्किलें भी सामने आती हैं। कहानी यह दिखाने की कोशिश करती है कि मंच पर तालियों और शोहरत के पीछे एक कलाकार को निजी जीवन में कितनी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। नाच के लिए जुनून, हार मानने को तैयार नहीं विठाबाई फिल्म के ट्रेलर में एक और दमदार संवाद सुनाई देता है- ‘नाच के मुकाबले में तकदीर भी नहीं जीत सकती।’ इसके अलावा एक दृश्य में विठाबाई कहती हैं कि अगर वह पड़े-पड़े मरेंगी तो बेचारी कहलाएंगी, लेकिन नाचते हुए मरेंगी तो मिसाल बन जाएंगी। इन संवादों से उनके नृत्य के प्रति जुनून और अपनी कला को जिंदगी से भी ऊपर रखने का जज्बा सामने आता है। ट्रेलर में महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी, तमाशा, रंगीन मंच और पारंपरिक नौवारी साड़ी की झलक भी देखने को मिलती है। कौन थीं विठाबाई नारायणगांवकर? विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकारों में शामिल थीं। उनका जन्म 1935 में पंढरपुर में हुआ था। वह बचपन से ही लोककला से जुड़े परिवार में पली-बढ़ीं और कम उम्र में तमाशा व लावणी के मंच पर प्रस्तुति देने लगीं। विठाबाई ने अपनी कला और मेहनत से महाराष्ट्र की लोकनाट्य परंपरा में खास पहचान बनाई। उनके जीवन से जुड़ा एक चर्चित किस्सा यह भी है कि तमाशा प्रस्तुति के दौरान उन्हें प्रसव पीड़ा हुई थी। बताया जाता है कि उन्होंने मंच के पीछे बच्चे को जन्म दिया और फिर प्रस्तुति जारी रखने की इच्छा जताई थी। रणदीप हुड्डा और नाना पाटेकर भी आएंगे नजर ‘ईठा’ में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म में नाना पाटेकर, सिद्धार्थ जाधव, अनंत जोशी, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी शामिल हैं। फिल्म का संगीत अजय-अतुल ने तैयार किया है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि इसका निर्माण मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले हुआ है। 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के ट्रेलर ने श्रद्धा कपूर के नए किरदार और महाराष्ट्र की पारंपरिक लोककला को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि विठाबाई की जिंदगी पर आधारित यह कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना प्रभावित करती है।