Apple का नया AI हेल्थ ऐप लॉन्च, यूजर्स के स्वास्थ्य से जुड़े सवालों के देगा जवाब; 2 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य
कैलिफोर्निया। टेक्नोलॉजी कंपनी Apple ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में स्वास्थ्य से जुड़ी एक नई पहल शुरू की है। कंपनी ने Apple Health AI Usage Study के तहत एक नया ऐप पेश किया है, जिसके जरिए यूजर्स स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछ सकेंगे और मेडिकल रिसर्च पर आधारित जवाब प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल में Apple ने मेडिकल AI प्लेटफॉर्म OpenEvidence के साथ साझेदारी की है।
हालांकि, यह ऐप फिलहाल कोई सामान्य हेल्थ मॉनिटरिंग या बीमारी की पहचान करने वाला नया प्रोडक्ट नहीं है। इसे एक रिसर्च स्टडी के हिस्से के रूप में लॉन्च किया गया है। इसका उद्देश्य यह समझना है कि लोग स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए AI का कितना उपयोग करते हैं, उसके जवाबों पर कितना भरोसा करते हैं और इन जानकारियों से उनके स्वास्थ्य संबंधी फैसलों पर क्या असर पड़ता है।
मेडिकल रिसर्च के आधार पर मिलेंगे AI के जवाब
इस ऐप में यूजर्स सामान्य स्वास्थ्य, लक्षणों और अलग-अलग बीमारियों से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। OpenEvidence की तकनीक मेडिकल रिसर्च और प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रकाशनों की जानकारी के आधार पर जवाब तैयार करेगी। इनमें The New England Journal of Medicine, JAMA और Nature जैसे मेडिकल स्रोत शामिल हैं।
यह भी पढ़ें
जवाबों को आसान भाषा में समझाने के साथ संबंधित वैज्ञानिक शोध के लिंक भी दिए जाएंगे, ताकि यूजर्स जानकारी के मूल स्रोत तक पहुंच सकें।
Apple Health का डेटा साझा करने का भी विकल्प
ऐप की एक खास सुविधा यह है कि प्रतिभागी अपनी इच्छा से Apple Health के कुछ डेटा साझा कर सकेंगे। इनमें आराम के समय की हार्ट रेट, शारीरिक गतिविधियां, नींद और लैब टेस्ट के परिणाम शामिल हो सकते हैं।
इस जानकारी की मदद से शोधकर्ता यह समझने की कोशिश करेंगे कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य डेटा मिलने पर AI के जवाब कितने उपयोगी और प्रासंगिक बनते हैं। ऐप में यूजर्स को डॉक्टर से मुलाकात की तैयारी करने में मदद देने वाले फीचर भी मिलेंगे।
अमेरिका के 2 लाख लोगों को जोड़ने की योजना
Apple इस रिसर्च स्टडी में अधिकतम 2 लाख प्रतिभागियों को शामिल करना चाहता है। फिलहाल इसमें अमेरिका में रहने वाले 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग हिस्सा ले सकते हैं।
इसके लिए iPhone 15 Pro या उससे नया मॉडल होना चाहिए और उसमें iOS 26 या बाद का संस्करण तथा Apple Intelligence का सपोर्ट होना जरूरी है। इच्छुक यूजर्स ऐप डाउनलोड करके पात्रता और स्टडी में शामिल होने की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यूजर्स की निजता और डेटा सुरक्षा पर भी जोर
Apple के मुताबिक, इस स्टडी में प्रतिभागियों को अपने HealthKit डेटा और सर्वे के जवाब साझा करने का नियंत्रण मिलेगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्टडी से प्राप्त डेटा का इस्तेमाल AI मॉडल को ट्रेनिंग देने के लिए नहीं किया जाएगा।
OpenEvidence के साथ साझा किए जाने वाले सवालों और जवाबों की पहचान छिपाने के लिए सुरक्षा उपाय अपनाए जाएंगे। कंपनी के अनुसार, OpenEvidence सवालों और उनके जवाबों से जुड़े डेटा को 24 घंटे के भीतर डिलीट कर देगा।
बीमारी का इलाज या मेडिकल सलाह देने का विकल्प नहीं
Apple ने साफ किया है कि यह ऐप किसी बीमारी का निदान करने या उसका इलाज बताने के लिए नहीं बनाया गया है। इसका मकसद स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को समझने और डॉक्टर से मुलाकात की बेहतर तैयारी में मदद करना है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए चिकित्सक की सलाह लेना जरूरी रहेगा।
इस स्टडी से मिलने वाले नतीजे भविष्य में Apple के हेल्थ से जुड़े AI फीचर्स के विकास में उपयोगी हो सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी यह घोषणा नहीं की है कि इस तकनीक को भविष्य में Apple Health ऐप या Siri में शामिल किया जाएगा या नहीं।

Deepak









