WhatsApp Web पर आया बड़ा अपडेट, अब ब्राउज़र से करें ऑडियो-वीडियो कॉल; Call Transfer समेत कई नए फीचर्स लॉन्च Tech News: इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने वेब यूज़र्स के लिए कई नए फीचर्स जारी करने की घोषणा की है। अब यूज़र्स बिना किसी डेस्कटॉप ऐप को इंस्टॉल किए सीधे WhatsApp Web के जरिए ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी ने Call Transfer, Waiting Room, Quick HD Video और Noise Suppression जैसे फीचर्स भी पेश किए हैं, जो कॉलिंग अनुभव को पहले से बेहतर बनाएंगे। अब ब्राउज़र से ही होगी ऑडियो-वीडियो कॉल अब तक WhatsApp Web पर कॉल करने के लिए यूज़र्स को Windows या Mac का डेस्कटॉप ऐप डाउनलोड करना पड़ता था। नए अपडेट के बाद यह जरूरत खत्म हो जाएगी। यूज़र्स किसी भी सपोर्टेड वेब ब्राउज़र से सीधे वन-टू-वन या ग्रुप ऑडियो-वीडियो कॉल कर सकेंगे। यह फीचर खासतौर पर ऑफिस, कॉलेज या साझा कंप्यूटर इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स के लिए उपयोगी माना जा रहा है, जहां सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने की अनुमति नहीं होती। Call Transfer से बिना कॉल काटे बदल सकेंगे डिवाइस WhatsApp ने Call Transfer फीचर भी पेश किया है। इसकी मदद से यूज़र्स चल रही कॉल को बिना डिस्कनेक्ट किए मोबाइल से लैपटॉप या वेब पर और वेब से दूसरे डिवाइस पर आसानी से ट्रांसफर कर सकेंगे। इससे लंबी मीटिंग या ग्रुप कॉल के दौरान डिवाइस बदलना पहले से आसान होगा। Waiting Room देगा होस्ट को पूरा कंट्रोल ग्रुप कॉल के लिए नया Waiting Room फीचर भी जोड़ा गया है। यदि होस्ट "Require Approval to Join" विकल्प चालू करता है, तो कोई भी प्रतिभागी उसकी अनुमति मिलने के बाद ही कॉल में शामिल हो सकेगा। इससे मीटिंग और ग्रुप कॉल की सुरक्षा बढ़ेगी। Quick HD और Noise Suppression से बेहतर होगी कॉल क्वालिटी नए अपडेट में Quick HD फीचर कॉल शुरू होते ही बेहतर वीडियो क्वालिटी उपलब्ध कराएगा। वहीं Noise Suppression तकनीक बैकग्राउंड के शोर को कम करेगी, जिससे भीड़भाड़ या शोर वाले माहौल में भी आवाज पहले से अधिक स्पष्ट सुनाई देगी। धीरे-धीरे सभी यूज़र्स तक पहुंचेगा अपडेट कंपनी के अनुसार नए फीचर्स को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जा रहा है। आने वाले दिनों में ये सुविधाएं दुनिया भर के सभी WhatsApp Web यूज़र्स के लिए उपलब्ध होंगी।