विनेश फोगाट को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका, वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल में नहीं उतर पाएंगी
भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में वापसी की कोशिश के बीच बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें आगामी सिलेक्शन ट्रायल में शामिल होने के लिए अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में विनेश अब 14 सितंबर को दिल्ली में होने वाले सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के ट्रायल में हिस्सा नहीं ले सकेंगी।
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने गुरुवार रात विनेश की याचिका पर फैसला सुनाते हुए अंतरिम राहत देने से इनकार किया। कोर्ट ने कहा कि रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) की ओर से निर्धारित पात्रता नियम सभी खिलाड़ियों पर समान रूप से लागू होंगे।
नए नियमों को विनेश ने दी थी चुनौती
दरअसल, 7 सितंबर 2026 को वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के सिलेक्शन ट्रायल से संबंधित सर्कुलर जारी किया गया था। इसमें खिलाड़ियों की पात्रता के लिए कुछ निर्धारित मानदंड रखे गए हैं।
यह भी पढ़ें
इनमें तय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी, राष्ट्रीय कोचिंग कैंप में शामिल पहलवान और U20 वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के लिए चयनित खिलाड़ी शामिल हैं।
विनेश फोगाट ने इन नियमों के आधार पर उन्हें ट्रायल से बाहर रखने को चुनौती देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था।
गर्भावस्था और रिकवरी का दिया था हवाला
अपनी याचिका में विनेश ने दलील दी थी कि कुछ निर्धारित प्रतियोगिताओं में वह अपनी गर्भावस्था, प्रसव और प्रसव के बाद रिकवरी के कारण हिस्सा नहीं ले सकीं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि WFI की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बाद उन्हें गोंडा में आयोजित सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति नहीं मिली।
इसी आधार पर उन्होंने अदालत से ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए अंतरिम राहत की मांग की थी।
कोर्ट ने समान नियम लागू करने पर दिया जोर
दिल्ली हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का चयन निष्पक्ष, समान और प्रदर्शन आधारित प्रक्रिया के जरिए होना चाहिए।
अदालत ने यह भी माना कि WFI की ओर से बनाए गए नए पात्रता मानदंड केवल विनेश फोगाट को ध्यान में रखकर तैयार नहीं किए गए हैं। ये नियम सभी खिलाड़ियों पर समान रूप से लागू होते हैं।
एशियन गेम्स ट्रायल का भी हुआ जिक्र
सुनवाई के दौरान कोर्ट के सामने विनेश के पुराने मामले का भी उल्लेख हुआ। इससे पहले मई में दिल्ली हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने उन्हें एशियन गेम्स के सिलेक्शन ट्रायल में शामिल होने की अनुमति दी थी।
हालांकि, उन ट्रायल्स के दौरान कथित तौर पर हुए व्यवहार को लेकर जारी शो-कॉज नोटिस अभी लंबित बताया गया है।
इंटरनेशनल रेसलिंग में वापसी की राह मुश्किल
विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद अंतरराष्ट्रीय कुश्ती से संन्यास की घोषणा की थी, लेकिन बाद में उन्होंने वापसी के संकेत दिए। अब वर्ल्ड चैंपियनशिप के सिलेक्शन ट्रायल में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलने से उनकी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में वापसी की योजना को झटका लगा है।
14 सितंबर को होने वाले ट्रायल में अब विनेश के उतरने का रास्ता फिलहाल बंद हो गया है। आगे उनकी वापसी किस तरह होती है, इस पर कुश्ती जगत की नजर बनी रहेगी।

Deepak







