रानीखेत एक्सप्रेस में महिला यात्री के बैग से 10 लाख के गहने चोरी, दो महिलाएं गिरफ्तार
रानीखेत एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला यात्री के बैग से करीब 70 ग्राम सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में जीआरपी ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद किए गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
जांच में पुलिस को आरोपियों के दूसरे राज्यों में भीड़भाड़ वाली जगहों पर चोरी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी मिली है। अब पुलिस इनके साथ जुड़े अन्य लोगों और पुराने मामलों के बारे में पूछताछ कर रही है।
मारवाड़ जंक्शन से जोधपुर आते समय चोरी
पुलिस के मुताबिक 3 सितंबर 2026 को प्रियंका राठौड़ ने जीआरपी थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह ट्रेन नंबर 15014 रानीखेत एक्सप्रेस से मारवाड़ जंक्शन से जोधपुर आ रही थीं।
यह भी पढ़ें
यात्रा के दौरान उनके हैंडबैग से सोने के कई आभूषण चोरी हो गए। इनमें रखड़ी, चार अंगूठियां, दो कानों की बालियां, शक्करपारा डिजाइन की सिरपट्टी और सोने का हार शामिल था।
चोरी हुए आभूषणों का कुल वजन लगभग 70 ग्राम बताया गया। शिकायत के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विशेष टीम ने जांच के बाद दोनों महिलाओं को पकड़ा
घटना के बाद जीआरपी ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई। टीम ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने के साथ पहले से ऐसी वारदातों में शामिल संदिग्धों का रिकॉर्ड भी खंगाला।
तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मीराबेन पत्नी दीपकभाई देवीपूजक और मायाबेन पत्नी कुंदनभाई देवीपूजक को गिरफ्तार किया।
दोनों की उम्र करीब 39 वर्ष है और वे गुजरात के भावनगर जिले के पालीताना की रहने वाली बताई गई हैं।
भीड़ में महिलाओं को बनाती थीं निशाना
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि दोनों महिलाएं समूह में अलग-अलग राज्यों की यात्रा करती थीं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं के बैग को निशाना बनाने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि भीड़ के बीच मौका देखकर बैग से नकदी और आभूषण निकाल लिए जाते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली की झुग्गी-बस्तियों से चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद किए गए हैं।
दिल्ली के कई इलाकों से जुड़े तार
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के गांव की कुछ महिलाओं के दिल्ली के नांगलोई, मंगोलपुरी और सुल्तानपुरी इलाके की झुग्गी बस्तियों में रहने की जानकारी मिली है।
जीआरपी अब इस नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी के जेवर कहां बेचे जाते थे और इनके साथ कितने लोग जुड़े हुए हैं।
मीराबेन के खिलाफ पहले से सात मामले
पुलिस के अनुसार मीराबेन के खिलाफ पहले से चोरी के सात मामले दर्ज हैं। इनमें दिल्ली के बुराड़ी, लाल किला और भजनपुरा थानों के मामले शामिल हैं।
इसके अलावा जयपुर के चांदपोल, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ और जीआरपी जयपुर में भी उसके खिलाफ चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
दूसरी आरोपी मायाबेन के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पुलिस जांच कर रही है।
पुराने मामलों से भी कनेक्शन खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तारी के बाद जीआरपी दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन आरोपियों ने इससे पहले ट्रेनों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कितनी वारदातें की हैं।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की दूसरी घटनाओं के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।

Deepak














