जोधपुर: शहर के उदयमंदिर थाना क्षेत्र में श्वान घुमाने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हो गया। सर्किट हाउस के पास एक गली में हुई कहासुनी के बाद 23 वर्षीय युवक के साथ कथित तौर पर घर में घुसकर मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, फलोदी जिले के आमला निवासी जसवंत सिंह (23) जोधपुर में नेशनल हैंडलूम में सेल्समैन के रूप में काम करता था और सर्किट हाउस के पास किराए के मकान में रहता था। 26 सितंबर की रात श्वान घुमाने के दौरान गली में गंदगी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद जसवंत की मोहित और उसके रिश्तेदारों से कहासुनी हो गई।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
परिजनों की शिकायत के मुताबिक विवाद के बाद मोहित, दामिनीकांत राजवंशी और लक्की जसवंत के कमरे में पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। साथियों ने घायल जसवंत को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस तथा उसके परिवार को घटना की सूचना दी।
जसवंत की हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। उपचार के दौरान 27 सितंबर को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने पहले दर्ज हत्या के प्रयास के मामले को हत्या की धारा में बदल दिया।
यह भी पढ़ें
भाई को पुलिस से मिली घटना की सूचना
जसवंत के भाई प्रेम सिंह के अनुसार वह घटना से पहले गांव गया हुआ था। 26 सितंबर की रात उसे पुलिस से जानकारी मिली कि जसवंत को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह अपने पिता के साथ अस्पताल पहुंचा, जहां जसवंत के साथियों ने उन्हें मारपीट की घटना के बारे में बताया।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को तलाश कर गिरफ्तार किया।
एक आरोपी जेल भेजा, दो रिमांड पर
पुलिस ने मोहित, दामिनीकांत राजवंशी और लक्की को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने लक्की को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया, जबकि मोहित और दामिनीकांत को पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Deepak














_82034_05092026050519.png)