Jodhpur News: पाली से रेफर दो गर्भवती महिलाओं की 48 घंटे में मौत, MDM अस्पताल में इलाज के दौरान गई जान

जोधपुर के MDM अस्पताल में पाली से रेफर दो गर्भवती महिलाओं की 48 घंटे में मौत हो गई। दोनों गंभीर हालत में भर्ती थीं, डॉक्टरों ने बचाने के प्रयास किए लेकिन इलाज के दौरान जान चली गई।

जोधपुर में प्रसूताओं के बाद 48 घंटे के अंदर दो गर्भवती महिला की मौत से हड़कंप

Jodhpur

Jodhpur News: पाली से रेफर दो गर्भवती महिलाओं की 48 घंटे में मौत, MDM अस्पताल में इलाज के दौरान गई जान

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं की मौत के मामले लगातार सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अब 48 घंटे के अंदर दो गर्भवती महिलाओं की मौत का मामला सामने आया है। दोनों महिलाएं पाली जिले से गंभीर हालत में जोधपुर के मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल रेफर होकर पहुंची थीं, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा के अनुसार दोनों महिलाओं की हालत अस्पताल पहुंचने से पहले ही काफी गंभीर थी। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।

पहला मामला पाली निवासी चिड़िया का है, जो करीब पांच माह की गर्भवती थी। उसे सांस लेने में परेशानी, खांसी और खून आने की शिकायत के बाद जोधपुर रेफर किया गया था। जांच में उसके फेफड़ों में ट्यूमर होने की जानकारी सामने आई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन इलाज के दौरान 27 जुलाई की रात उसकी मौत हो गई।

वहीं दूसरा मामला नौ माह की गर्भवती फैंसी का है, जिसे पाली से MDM अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक जांच में गर्भ में शिशु की मृत्यु होने की जानकारी मिली। महिला पीलिया और अत्यधिक रक्तस्राव जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही थी। उसकी हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखा गया और खून प्लाज्मा चढ़ाकर उपचार किया गया, लेकिन 28 जुलाई की देर रात उसने भी दम तोड़ दिया।

लगातार बढ़ रहे मामलों से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

गौरतलब है कि इससे पहले भी करीब नौ दिन पहले जोधपुर के MDM अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत के मामले सामने आए थे। दोनों महिलाएं भी दूसरे जिलों से रेफर होकर आई थीं। लगातार सामने रहे इन मामलों के बाद राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग और रेफरल सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दोनों गर्भवती महिलाओं को बेहद गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी। फिलहाल दोनों मामलों के मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित रखे गए हैं और स्वास्थ्य विभाग पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहा है।

 


News Desk
Author

News Desk

The Jodhpur News Desk is Marwar's vital journalism hub, delivering verified local news on civic affairs, crime, and governance. It keeps residents connected by highlighting the region's rich culture and heritage.

Search

Download App

Get Our Mobile App

It is a long established fact that a reader will be distracted by the readable content.