जोधपुर में तत्काल टिकट बनवाने के नाम पर कमीशनखोरी, 18 वर्षीय युवक पकड़ा: तीन यात्रियों से लिए 600 रुपए
जोधपुर रेलवे आरक्षण केंद्र पर तत्काल टिकटों के नाम पर कमीशन लेने का मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय युवक को पकड़ा। आरोप है कि युवक ने तीन यात्रियों के तत्काल टिकट बनवाने के बदले कुल 600 रुपए कमीशन लिए थे। टीम ने 2,280 रुपए कीमत के तीन टिकट भी जब्त किए हैं।
आरपीएफ के उप निरीक्षक धर्मेन्द्र और मंडल वाणिज्य निरीक्षक रतनसिंह ने रेलवे आरक्षण केंद्र पर संयुक्त जांच अभियान चलाया था। इसी दौरान तत्काल टिकट बनवाकर निकल रहे शोयल उर्फ शाहिद को रोककर पूछताछ की गई। जांच में टिकट बनवाने के बदले कमीशन लेने की बात सामने आई।
हर टिकट पर 200 रुपए कमीशन का लालच
आरपीएफ की पूछताछ में युवक ने बताया कि तौफीक खान ने उसे जयपुर से बोरीवली जाने वाले तीन यात्रियों के तत्काल टिकट बनवाने के लिए कहा था। इसके बदले प्रत्येक टिकट पर 200 रुपए कमीशन देने का लालच दिया गया था। इस तरह तीन टिकटों के लिए कुल 600 रुपए का कमीशन तय हुआ था।
यह भी पढ़ें
टीम ने कार्रवाई के दौरान तीनों टिकट जब्त कर लिए। इनकी कुल कीमत 2,280 रुपए बताई गई है।
रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ पोस्ट जोधपुर में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर छोड़ दिया गया। जांच के दौरान उसका कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया।
मामले की जांच उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कर रहे हैं। आरपीएफ अब इस प्रकरण में कमीशन देने वाले तौफीक खान की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Diya













