राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 1,487 किमी का रेल नेटवर्क होगा मजबूत, 6 परियोजनाओं पर काम तेज
पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के जिलों में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। रेलवे ने करीब 1,487 किलोमीटर की छह रेल परियोजनाओं को आगे बढ़ाया है। इनमें चार नई रेल लाइनें बिछाने और दो मौजूदा रेल मार्गों का दोहरीकरण करने की योजना शामिल है। इन परियोजनाओं से सीमावर्ती क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं के साथ माल परिवहन और सामरिक जरूरतों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, दो परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है। इनकी अनुमानित लागत कुल 6,165 करोड़ रुपये है। वहीं, बाकी चार परियोजनाओं के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) किया जा रहा है।
अनूपगढ़-बीकानेर नई रेल लाइन की DPR तैयार
उत्तर पश्चिम रेलवे ने अनूपगढ़ से बीकानेर के बीच 187 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन की DPR तैयार कर ली है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 2,277 करोड़ रुपये बताई गई है। अब इसे स्वीकृति के अगले चरण में भेजने की तैयारी है। रेल लाइन बनने से सीमावर्ती अनूपगढ़ क्षेत्र का बीकानेर से रेल संपर्क बेहतर हो सकेगा।
यह भी पढ़ें
इसके अलावा जैसलमेर से बाड़मेर होते हुए गुजरात के भाभर या भीलड़ी तक करीब 380 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का सर्वे चल रहा है। खाजूवाला से जैसलमेर के बीच 260 किलोमीटर रेल लाइन प्रस्तावित है। इसे अनूपगढ़-बीकानेर परियोजना से जोड़ने की योजना है। वहीं, सोनू से रामगढ़ तक 26 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के लिए भी सर्वे किया जा रहा है।
बठिंडा-बीकानेर रेल मार्ग का होगा दोहरीकरण
नई रेल लाइनों के साथ मौजूदा रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है। बठिंडा से हनुमानगढ़ और सूरतगढ़ होते हुए बीकानेर तक करीब 320 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग के दोहरीकरण की DPR तैयार कर ली गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 3,888 करोड़ रुपये है।
वहीं, लालगढ़ से जैसलमेर तक 314 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग के दोहरीकरण के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे जारी है। दोनों मार्गों पर दोहरीकरण होने से भविष्य में यात्री और मालगाड़ियों के संचालन की क्षमता बढ़ सकती है।
व्यापार और सामरिक जरूरतों को मिलेगा लाभ
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में रेल नेटवर्क का विस्तार होने से स्थानीय लोगों को आवागमन के बेहतर विकल्प मिल सकते हैं। इसके साथ ही व्यापार, पर्यटन और माल ढुलाई को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित क्षेत्रों में बेहतर रेल संपर्क सामरिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
हालांकि, फिलहाल ये परियोजनाएं DPR और सर्वे के अलग-अलग चरणों में हैं। इनके निर्माण की शुरुआत और पूरा होने की समयसीमा संबंधित स्वीकृतियां मिलने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Diya














