बूंदी में तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, बालाजी दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु की मौत
बूंदी: राजस्थान के बूंदी जिले में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की जान चली गई। वह अपनी पत्नी के साथ बालाजी के दर्शन कर घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर वह पेट्रोल भरवाने निकला था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
कापरेन थाने के हैड कांस्टेबल राकेश सैनी के अनुसार, बालापुरा निवासी बीरबल पुत्र रामकुंवर केवट शनिवार को पत्नी के साथ बालापुरा स्थित बालाजी मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया।
इसके बाद बीरबल ने अपनी पत्नी को रास्ते में एक जगह रुकने के लिए कहा और बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने चला गया। वह बालापुरा मोड़ के पास पहुंचा ही था कि लाखेरी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से सड़क पर गिरा बाइक सवार
यह भी पढ़ें
कार की टक्कर इतनी तेज थी कि बीरबल उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर कापरेन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल बीरबल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कार चालक फरार
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे की खबर से मृतक के परिवार में शोक छा गया। दर्शन के बाद घर लौट रहे दंपती की यात्रा इस दर्दनाक दुर्घटना के कारण अधूरी रह गई।

Diya














