बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के विवाद पर शाइना एनसी ने मांगी माफी, बोलीं- मेरे लिए पिता और भगवान जैसे थे
मुंबई: महाराष्ट्र में शिवसेना नेता शाइना एनसी बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोप को लेकर उठे विवाद के बाद गुरुवार को माफी मांगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर कहा कि बालासाहेब ठाकरे उनके लिए पिता समान और देवतुल्य व्यक्तित्व थे। उनका इरादा कभी भी उनका अपमान करने का नहीं था।
शाइना एनसी ने अपने बयान में कहा कि वह बालासाहेब के प्रति लोगों की श्रद्धा और भावनाओं को अच्छी तरह समझती हैं। यदि उनकी किसी अनजाने में हुई कार्रवाई से सच्चे शिवसैनिकों या बालासाहेब के प्रशंसकों की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह दिल से माफी मांगती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बालासाहेब के प्रति अपने प्रेम और निष्ठा को साबित करने के लिए उन्हें किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
दरअसल, बुधवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में वीर सावरकर से जुड़ी टिप्पणियों के विरोध में मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान पार्टी नेताओं ने पुस्तक के कुछ पन्ने और तस्वीरें फाड़कर विरोध जताया।
यह भी पढ़ें
इसी घटनाक्रम में शाइना एनसी के हाथों एक ऐसा कागज फट गया, जिस पर बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी छपी हुई थी। तस्वीर सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया और उद्धव ठाकरे गुट के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने शिंदे गुट की आलोचना शुरू कर दी।
शाइना ने दी थी सफाई
विवाद सामने आने के बाद शाइना एनसी ने कहा था कि उनका उद्देश्य बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ना नहीं था। उनके मुताबिक, वह कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की तस्वीर वाला हिस्सा फाड़ रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी कार्रवाई और बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।
गुरुवार को माफी वाले बयान में उन्होंने बालासाहेब के साथ अपने परिवार के पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। शाइना ने बताया कि बालासाहेब उनके पिता के करीबी मित्र थे और उनके परिवार से गहरा जुड़ाव रखते थे। वह उनकी शादी में भी शामिल हुए थे।
मुंबई में हुआ विरोध प्रदर्शन
इस घटना के बाद शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुंबई में कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़े जाने पर नाराजगी जताई और शाइना एनसी से माफी की मांग की। विवाद के बीच शाइना ने अपने बयान के जरिए समर्थकों की भावनाओं को संबोधित करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की।

Diya











