जयपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध, दीवार फांदकर अंदर घुसा पश्चिम बंगाल का शख्स, CISF ने पकड़ा
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति टर्मिनल-2 के पास एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल फांदकर परिसर में घुस गया। वहां तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान ने उसे देख लिया और तुरंत पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को एयरपोर्ट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 17 नवंबर 2026 की रात की है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 40 वर्षीय नंदा दुलाल दास के रूप में हुई है। एयरपोर्ट थानाधिकारी विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उसके एयरपोर्ट परिसर में घुसने के कारणों की जांच कर रही है।
रात में दीवार फांदकर एयरपोर्ट परिसर में घुसा
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने टर्मिनल-2 के पास बनी बाउंड्री वॉल पार कर एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश किया। उस समय वहां ड्यूटी पर तैनात CISF के एएसआई श्रवण कुमार की नजर उस पर पड़ गई। जवान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें
आरोपी को हिरासत में लेने के बाद CISF ने एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया। इस घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठे हैं।
पीछा करने वालों से बचने के लिए अंदर घुसने का दावा
पुलिस पूछताछ में नंदा दुलाल दास ने बताया कि एयरपोर्ट के पास एक बंगाली बस्ती में कुछ लोग उसका पीछा कर रहे थे। उनसे बचने के लिए वह भागते हुए एयरपोर्ट की दीवार फांदकर अंदर चला गया।
हालांकि, पुलिस आरोपी के इस दावे की जांच कर रही है। उसके एयरपोर्ट में प्रवेश करने के वास्तविक कारणों और पूरी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
CISF अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
CISF के सहायक उप निरीक्षक श्रवण कुमार की शिकायत पर एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस थानाधिकारी विनोद कुमार वर्मा के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
घटना में किसी यात्री या एयरपोर्ट कर्मचारी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है। CISF की सतर्कता के चलते आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया।

Diya













