जयपुर के सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में गूंजे ‘हनुमान अंश’ के भजन, सुनील लोधी की प्रस्तुति पर झूमे श्रद्धालु
जयपुर: सोडाला स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में सोमवार को आयोजित भजन संध्या में फिल्म ‘हनुमान अंश’ के भजनों ने भक्तिमय माहौल बना दिया। फिल्म के गायक कलाकार सुनील लोधी ने मंच से फिल्म के भजनों की लाइव प्रस्तुति दी, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे।
भजन संध्या के दौरान मंदिर परिसर में राम और हनुमान भक्ति का रंग दिखाई दिया। सुनील लोधी ने फिल्म से जुड़े कई भजनों की प्रस्तुति दी और अपनी आवाज से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया।
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही सुनील लोधी ने ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैय्या डार दई’ भजन शुरू किया, श्रद्धालु भी उनके साथ सुर मिलाते नजर आए। भजन की धुन आगे बढ़ने के साथ श्रोताओं का उत्साह भी बढ़ता गया। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ भजन का आनंद लिया और कई श्रद्धालु पूरे समय भक्ति में लीन नजर आए।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ के भजनों को लेकर पहले से लोगों में उत्सुकता थी। ऐसे में जयपुर की छोटी काशी में इन भजनों की लाइव प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को फिल्म के संगीत से सीधे जुड़ने का अवसर दिया। सुनील लोधी की प्रस्तुति के दौरान मंदिर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
यह भी पढ़ें

Deepak












