दिल्ली के कल्याणपुरी में MCD सफाईकर्मी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार; कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में ड्यूटी के दौरान एक MCD सफाईकर्मी की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ड्यूटी के दौरान सफाईकर्मी पर हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, अनिल कल्याणपुरी इलाके में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल (LBS Hospital) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
यह भी पढ़ें
साथी कर्मचारी ने बताई वारदात की जानकारी
मृतक के साथी गुलशन के अनुसार, अनिल रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन पर हमला किया गया। साथी कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से भाग निकला।
कर्मचारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद कल्याणपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या के पीछे की वजह भी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
हत्या से नाराज सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन
साथी कर्मचारी की हत्या से नाराज MCD सफाई कर्मचारियों ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना देकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने मृतक के परिवार के लिए मुआवजा और सुरक्षा की मांग भी उठाई। प्रदर्शन के चलते अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Diya










