जयपुर में मिस ओशन वर्ल्ड 2026 का गाउन राउंड, 20 देशों की सुंदरियों ने रैंप पर बिखेरा ग्लैमर
जयपुर: मिस ओशन वर्ल्ड 2026 के फिनाले वीक के तहत जयपुर के अनंत महल में गाउन राउंड का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 20 देशों से पहुंचीं प्रतिभागियों ने आकर्षक गाउन में रैंप वॉक कर अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और स्टाइल का प्रदर्शन किया। इंटरनेशनल प्रतिभागियों की मौजूदगी से कार्यक्रम में फैशन, ग्लैमर और सांस्कृतिक विविधता का खास रंग देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, मिस ओशन वर्ल्ड 2026 के फिनाले वीक के साथ मिस फ्यूजन इंडिया के विभिन्न राउंड भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए भारतीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और देश की संस्कृति, पर्यटन व विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने पर जोर दिया जा रहा है।
जयपुर की संस्कृति और विरासत से रूबरू होंगे प्रतिभागी
आयोजक योगेश मिश्रा ने बताया कि इंटरनेशनल लेवल के इस आयोजन का एक प्रमुख उद्देश्य विदेशी प्रतिभागियों को भारत और खासतौर पर जयपुर की कला, संस्कृति, पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराना है।
यह भी पढ़ें
19 अगस्त को सिटी पैलेस में टूरिज्म एवं कल्चरल एक्सचेंज एक्टिविटी के तहत इंटरनेशनल और नेशनल कंटेस्टेंट्स के लिए जयपुर सिटी टूर प्रस्तावित है। इस दौरान प्रतिभागियों को शहर की ऐतिहासिक धरोहर, स्थापत्य कला और पारंपरिक संस्कृति के बारे में जानकारी दी जाएगी।
21 अगस्त को टैलेंट राउंड, 22 और 23 अगस्त को ग्रैंड फिनाले
फिनाले वीक के कार्यक्रमों के तहत 21 अगस्त को प्री-फिनाले एक्टिविटी के रूप में टैलेंट राउंड आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 22 अगस्त को मिस फ्यूजन इंडिया का ग्रैंड फिनाले और 23 अगस्त को मिस ओशन वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा।
मिस फ्यूजन इंडिया प्रतियोगिता के विजेताओं को द मिस ग्लोब इंडिया, मिस प्लैनेट इंडिया और मिस ओशन इंडिया जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने की बात आयोजकों ने कही है।
20 देशों की प्रतिभागियों की भागीदारी
मिस ओशन वर्ल्ड की डायरेक्टर एकता जैन के मुताबिक, इस वर्ष प्रतियोगिता में करीब 20 देशों की कंटेस्टेंट हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता को सिर्फ फैशन और ब्यूटी पेजेंट तक सीमित न रखते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को भी इससे जोड़ा गया है।
पेजेंट के माध्यम से “Clean Ocean, Pollution-Free Ocean” जैसे अभियानों के जरिए समुद्रों को स्वच्छ रखने और प्रदूषण कम करने का संदेश दिया जा रहा है।
जयपुर में आयोजित हो रहा यह अंतरराष्ट्रीय पेजेंट शहर की पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर सामने लाने का भी माध्यम बन रहा है। इंटरनेशनल प्रतिभागियों की मौजूदगी के जरिए जयपुर की कला, विरासत और पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

Diya









