जोधपुर। शहर के सरदारपुरा इलाके में गुरुवार सुबह अचानक खड़ी गाड़ियों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में स्कूटी और बाइक समेत कुल 8 दोपहिया वाहन जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना सरदारपुरा 8th सी रोड स्थित जिप्सी रेस्टोरेंट के सामने वाली गली की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना सुबह करीब 7:22 बजे हुई। गली में खड़े कई दोपहिया वाहनों में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद शास्त्री नगर फायर स्टेशन से टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

चार्जिंग पर लगी थीं दो इलेक्ट्रिक स्कूटी, शॉर्ट सर्किट की आशंका
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिस स्थान पर आग लगी, वहां एक साथ करीब 8 वाहन खड़े थे। इनमें दो इलेक्ट्रिक स्कूटी, एक बुलेट और अन्य पेट्रोल स्कूटी शामिल थीं।
यह भी पढ़ें
घटना के समय दो इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थीं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी होगी। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आधे घंटे में जलकर खाक हुए वाहन
आग की तेज लपटें देखकर आसपास के लोग डर गए। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते पहुंचकर आग को फैलने से रोक लिया। करीब 30 मिनट में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक कई वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
हादसे के बाद गली में खड़े वाहनों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। कई दोपहिया वाहनों की हालत इतनी खराब हो गई कि केवल उनका लोहे का ढांचा ही बचा रह गया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है।

News Desk














